नैनीताल से लौट रहे 6 पर्यटक हादसे का शिकार, टवेरा 40 मीटर गहरी खाई में गिरी

नैनीताल(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के नैनीताल से लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटक गुरुवार सुबह एक बड़े सड़क हादसे का शिकार हो गए। ज्योलीकोट के पास उनकी टवेरा अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से आगे बढ़ते ही वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में चालक संग्राम सिंह और निखिलेंद्र सिंघल की हालत गंभीर है। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। नैनीताल की सैर से लौट रहे पर्यटकों के लिए यह सफर एक दर्दनाक अनुभव बन गया।




