गोरखपुर को सीएम योगी की बड़ी सौगात शहर को मिलेंगी 2 मल्टीलेवल पार्किंग, 43 दुकानों के साथ जाम से मिलेगी मुक्ति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए रविवार, 5 अप्रैल को दो बड़ी परियोजनाओं का उपहार देने जा रहे हैं। शहर के सबसे व्यस्त और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ‘घंटाघर’ और ‘पांडेयहाता’ क्षेत्र की सूरत बदलने वाली है। सीएम योगी यहां न केवल विरासत को सहेजने वाले सुंदरीकरण कार्यों का लोकार्पण करेंगे, बल्कि शहर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की नींव भी रखेंगे। इस कदम से व्यापारियों और आम जनता को पार्किंग की समस्या से बड़ी राहत मिलने वाली है।विरासत का सम्मान: घंटाघर के सुंदरीकरण का होगा लोकार्पण गोरखपुर का ऐतिहासिक घंटाघर, जो स्वतंत्रता संग्राम की यादों को समेटे हुए है, अब एक नए और भव्य रूप में नजर आएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से नगर निगम ने करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से इस ऐतिहासिक मीनार का सुंदरीकरण कार्य पूरा किया है। इमारत के निचले हिस्से पर अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के बलिदान की गाथा को चित्रों के जरिए उकेरा गया है। सीएम योगी इस गौरवशाली विरासत के संरक्षण कार्य का जनता को समर्पित करेंगे। जाम से मिलेगी मुक्ति: 27 करोड़ की मल्टीलेवल पार्किंग तैयार शहर के हृदय स्थल घंटाघर में लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर एक विशाल मल्टीलेवल पार्किंग सह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया है। 27.26 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह गोरखपुर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग है। इसमें न केवल सैकड़ों वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था है, बल्कि 43 आधुनिक दुकानों का भी निर्माण किया गया है।
इससे क्षेत्र के कारोबारियों को व्यवस्थित व्यापार करने का मौका मिलेगा और ग्राहकों को भी सुविधा होगी।पांडेयहाता में बनेगा नया कमर्शियल हब, सीएम करेंगे शिलान्यास मुख्यमंत्री के इस दौरे का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा पांडेयहाता विरासत गलियारा में बनने वाला नया कमर्शियल कॉम्प्लेक्स होगा। सीएम योगी कल इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह कॉम्प्लेक्स उन दुकानदारों के लिए एक वरदान साबित होगा जो सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों की वजह से प्रभावित हुए थे। सरकार का लक्ष्य है कि शहर के विकास के साथ-साथ व्यापारियों के हितों की भी रक्षा की जाए। इन परियोजनाओं के शुरू होने से गोरखपुर का व्यापारिक परिदृश्य पूरी तरह बदल जाएगा।




