40 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

वंदे भारतम कार्यक्रम एक भारत- श्रेष्ठ भारत का एक महान और जीवंत उदाहरण है: जी किशन रेड्डी

देश-विदेश

केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री जी.के. रेड्डी ने वंदे भारतम् 2.0 के कलाकारों के साथ बातचीत के लिए आज इंदिरा गांधी स्टेडियम का दौरा किया। ये कलाकार कल गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर प्रस्तुति देंगे।

इस प्रतियोगिता से चयनित 479 कलाकार गणतंत्र दिवस समारोह- 2023 के अवसर पर ‘नारी शक्ति’ की विषयवस्तु पर पूरे राष्ट्र के सामने अपनी प्रस्तुति देंगे।

इस अवसर पर श्री जी.के. रेड्डी ने कहा कि इस भव्य परेड के दौरान ‘वंदे भारतम नृत्य महोत्सव’ प्रतियोगिता के तहत चयनित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे और पूरे विश्व को भारत की विविध सांस्कृतिक व कलात्मक विरासत से परिचित कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम एक भारत- श्रेष्ठ भारत का एक महान और जीवंत उदाहरण है। मंत्री ने प्रतिभागियों से भविष्य के संस्करणों को लेकर वंदे भारतम नृत्य प्रतियोगिता की बेहतरी के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए भी कहा।

इस साल कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय स्तर के गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय की रंगीन झांकी प्रदर्शित की जाएगी।

इससे पहले संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने इस विषय पर मीडिया को जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि इस गणतंत्र दिवस पर संस्कृति मंत्रालय की झांकी का शीर्षक ‘शक्ति रूपेण संस्थिता’ है, जो देवी के ‘शक्ति’ स्वरूप पर आधारित है। उन्होंने बताया कि इस झांकी के जरिए देवी की उपासना से संबंधित कई लोकनृत्यों को एक मंच पर लाया गया है।

इसके अलावा सचिव ने यह भी बताया कि संस्कृति मंत्रालय ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की विषयवस्तु का उत्सव मनाने के लिए वंदे भारतम् का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि इसके जरिए देशभर से “नारी शक्ति” की विषयवस्तु पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर प्रदर्शन करने के लिए नर्तकियों का चयन किया गया है।

श्री गोविंद मोहन ने यह भी बताया कि प्रदर्शन के लिए संगीत को राजा भवतारिणी और आलोकनंदा दास गुप्ता ने तैयार किया है और उनकी रचना हिंदुस्तानी, कर्नाटक तथा समकालीन जैज घटकों से संपन्न है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0016DEV.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002KKEP.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003UKUE.jpg

भारत 26 जनवरी, 2023 को अपना 74वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। इसको लेकर पूरे देश में उत्साह और उत्सव का वातावरण है। इस अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भारत का तिरंगा फहराएंगी। इस दौरान भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक और सामाजिक प्रगति को दिखाने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों द्वारा अनेक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के द्वारा संयुक्त रूप से ‘वंदे भारतम् नृत्य उत्सव’ का आयोजन किया जाता है। यह एक अखिल भारतीय नृत्य उत्सव है, जिसका उद्देश्य देशवासियों के बीच ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देते हुए नृत्य के जरिए इसकी जीवंतता को पूरे विश्व के सामने प्रदर्शित करना है।

इस प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण की शुरुआत 15 अक्टूबर, 2022 को हुई थी। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकारों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में तीन चरण- राज्य, अंचल और राष्ट्रीय थे और इसमें हिस्सा लेने के लिए निर्धारित आयु सीमा 17 से 30 वर्ष थी। इस प्रतियोगिता का भव्य समापन कार्यक्रम 19 और 20 दिसंबर, 2022 को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया था।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More