33 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

संस्कृति मंत्रालय 25 मई से 27 मई, 2018 तक टिहरी, उत्तराखंड में राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव का आयोजन करेगा

देश-विदेशपर्यटन

नई दिल्ली: संस्कृति मंत्रालय एक भारत, श्रेष्ठ भारत के तहत राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के 9वें संस्करण का आयोजन टिहरी, उत्तराखंड में 25 से 27 मई तक कर रहा है। हर साल उत्तराखंड पर्यटन द्वारा आयोजित होने वाला टिहरी झील महोत्सव को राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में शामिल किया जाएगा, जहां लोग जल क्रीड़ा का भी आनंद ले सकेंगे। इस साल 25 से 27 मई, 2018 तीन दिनों तक चलने वाले बहु-प्रतीक्षित जल क्रीड़ा और संस्कृति कार्यक्रम टिहरी झील, उत्तराखंड में आयोजित होगा। संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री श्री महेश शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की उपस्थिति में 9वें राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। उत्तराखंड के टिहरी में 25 मई, 2018 को टिहरी झील के पास कोटी कॉलोनी में शाम 6 बजे उद्घाटन के मौके पर उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज, टिहरी गढ़वाल से सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह और टिहरी से विधायक धन सिंह नेगी भी मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति की समृद्ध विविधता और विशिष्टता को प्रस्तुत करना, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए राज्यों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ावा देना और संस्कृति के एकमात्र धागे से देश के अन्य हिस्सों के कलाकारों को उत्तराखंड के लोगों से जोड़ना है। महोत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति की विरासत और सांस्कृतिक विविधता का संरक्षण, संवर्धन एवं इसे लोकप्रिय बनाना और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। महोत्सव में फूड फेस्टिवल के जरिए कई अन्य राज्यों की पाक कला संबंधी संस्कृति की भी झलक मिलेगी। देश के विभिन्न भागों से आए पारम्परिक स्वादिष्ट भोजन बनाने वाले रसोईए आगुंतकों को पाक कला का अद्भुत अनुभव कराएंगे।

एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत उत्तराखंड का जोड़ीदार राज्य कर्नाटक है और जब देशभर से आए कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे तो उसमें कर्नाटक पर विशेष जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव विभिन्न इलाकों की भारतीय संस्कृति के सभी आयामों का दर्शन कराएगा। कर्नाटक, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, असम और पंजाब से आए कलाकार अपनी कला, लोक संगीत, नृत्य और पाक कला का प्रदर्शन करते हुए भारत की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखलाएंगे। महोत्सव में टिहरी के स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More