29 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मीराबाई चानू और विराट कोहली को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा

खेल समाचारदेश-विदेश

नई दिल्ली: राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रत्येक वर्ष खेलों में मान्यता प्रदान करने और उत्कृष्टता को पुरस्कृत करने के लिए दिए जाते हैं। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार किसी खेल में खिलाड़ी के चार वर्षों से अधिक शानदार और असाधारण प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। अर्जुन पुरस्कार चार वर्षों के लिए लगातार असाधारण प्रदर्शन करने के लिए दिया जाता है, द्रोणाचार्य पुस्कार कोच को प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों में पदक विजेता तैयार करने के लिए दिया जाता है, ध्यानचंद पुरस्कार खेल के विकास में आजीवन योगदान के लिए दिया जाता है और राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार कंपनियों (निजी और सार्वजनिक क्षेत्र दोनों) तथा व्यक्तियों को दिए जाते हैं जो खेल के प्रोत्साहन और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंतर-विश्वविद्यालय टूर्नामेंट में सम्रग रूप से शीर्ष प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय को मौलाना अबुल कलाम आजाद (एमएकेए) ट्रॉफी दी जाती है।

इस वर्ष इन पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में नामांकन प्राप्त हुए जिनपर पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी, अर्जुन पुरस्कार विजेताओं, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं, ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं, खेल पत्रकार/विशेषज्ञ/आंखों देखा हाल सुनाने वाले कमेंटेटर और खेल प्रकाशकों की चयन समितियों द्वारा विचार किया गया। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार तथा अर्जुन पुरस्कार के लिए चयन समितियों का नेतृत्व न्यायमूर्ति सुश्री इंदरमित कौर कोचर (पूर्व न्यायाधीश दिल्ली हाईकोर्ट) ने किया। द्रोणाचार्य पुरस्कारों और ध्यानचंद पुरस्कारों के लिए चयन समिति के प्रमुख न्यायमूर्ति श्री मुकुल मुद्गल (पूर्व मुख्य न्यायाधीश पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट) थे। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चयन समिति की अगुवाई श्री राहुल भटनागर, सचिव (खेल) ने की। एमएकेए ट्रॉफी के लिए चयन समिति के प्रमुख पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी श्री अशोक कुमार थे।

समिति की सिफारिशों के आधार पर और जांच के बाद सरकार ने निम्नलिखित खिलाड़ियों, कोच तथा कंपनियों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है।

(i)   राजीव गांधी खेल रत्न 2018

क्र.सं. खिलाड़ी का नाम खेल
1. सुश्री एस मिराबाई चानू भारोत्तोलन
2. श्री विराट कोहली क्रिकेट

(ii)        द्रोणाचार्य पुरस्कार 2018

क्र.सं. खिलाड़ी का नाम खेल
सुबेदार चेनंदा अचच्चा कुट्टप्पा मुक्केबाज़ी
श्री विजय शर्मा भारोत्तोलन
श्री ए श्रीनिवास राव टेबल टेनिस
श्री सुखदेव सिंह पन्नू एथलेटिक्स
श्री क्लैरेंस लोबो हॉकी (लाईफटाइम)
श्री तारक सिन्हा क्रिकेट (लाईफटाइम)
श्री जीवन कुमार शर्मा जुडो (लाईफटाइम)
श्री वी.आर. बीडु एथलेटिक्स (लाईफटाइम)

(iii)       अर्जुन पुरस्कार 2018

क्र.सं. खिलाड़ी का नाम खेल
श्री नीरज चोपड़ा एथलेटिक्स
नाइब सूबेदार जीन्सन जॉनसन एथलेटिक्स
सुश्री हिमा दास एथलेटिक्स
सुश्री नेलाकुर्ती सिक्की रेड्डी बैडमिंटन
सूबेदार सतीश कुमार मुक्केबाज़ी
सुश्री स्मृति मंधाना क्रिकेट
श्री शुभंकर शर्मा गोल्फ़
श्री मनप्रीत सिंह हॉकी
सुश्री सविता हॉकी
कर्नल रवि राठौर पोलो
सुश्री राही सरनोबत शूटिंग
श्री अंकुर मित्तल शूटिंग
सुश्री श्रेयसी सिंह शूटिंग
सुश्री मनिका बत्रा टेबल टेनिस
श्री जी सथियान टेबल टेनिस
श्री रोहन बोपन्ना टेनिस
श्री सुमित कुश्ती
सुश्री पूजा कादियान वुशु
श्री अंकुर धामा पैरा एथलेटिक्स
श्री मनोज सरकार पैरा बैडमिंटन

(iv)      ध्यान चंद पुरस्कार 2018

क्र.सं. खिलाड़ी का नाम खेल
श्री सत्यदेव प्रसाद तीरंदाजी
श्री भरत कुमार छेत्री हॉकी
सुश्री बॉबी अलॉयसियस एथलेटिक्स
श्री चौगले दादू दत्तात्रेय कुश्ती

(vi) राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2018

क्र.सं. वर्ग कंपनी का नाम
1. उदीयमान और युवा प्रतिभा पहचान और प्रोत्साहन राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड
2. कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से खेल प्रोत्साहन जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स
3. विकास के लिए खेल ईशा आउटरीच

(vii) मौलाना अबुल कलाम आजाद (एमएकेए) ट्रॉफी 2017-18 :

गुरुनानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर

चयनित खिलाड़ियों को 25 सितंबर, 2018 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले को पदक और प्रशस्ति पत्र के अतिरिक्त 7.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। अर्जुन, द्रोणाचार्य तथा ध्यानचंद पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रत्येक खिलाड़ियों को लघुप्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार, 2018 में कंपनियों को एक ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। अंतर-विश्वविद्यालय टूर्नामेंट में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय को एमएकेए ट्रॉफी, 10 लाख रुपये का पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More