32.7 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

कार्तिक पूर्णिमा: संगम पर हजारों लोगों ने लगाई डुबकी

अध्यात्म

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना बेतवा नदियों के संगम पर मेले की धूम मची। सुबह से ही कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों लोगों ने डुबकी लगाई। जिले के आसपास के इलाकों में भी विशाल मेले का आयोजन किया गया है।

जिला मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर मेरापुर गांव के पास यमुना बेतवा के संगम पर कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के स्नान करने और पूजन-अर्चन करने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां हर साल की तरह विशाल मेला भी लगा जिसमें आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। पुलिस प्रशासन ने भी यहां सैकड़ों साल पुराने संगम के मेले को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना बेतवा नदी के संगम पर स्नान करने के बाद सिंह महेश्वर मन्दिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना भी की। इस प्राचीन मन्दिर में देर शाम तक लोगों के दर्शन करने का दौर चलेगा। हमीरपुर में कालिंदी पर डुबकी लगाने के बाद पतालेश्वर मन्दिर में भगवान शिव की पूजा भी हजारों भक्तों ने विधि-विधान से की। यमुना में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने कल्प वृक्ष के फेरे लगाकर पूजा की। आस्था के यह रंग देर शाम तक मन्दिरों में चलेंगे।

यमुना नदी पार सजेती में बिहारेश्वर मन्दिर पर हर साल की तरह अबकी बार भी मेले का आयोजन किया गया है। यहां पचास गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चों व पुरुषों की भीड़ उमड़ी। यहां दंगल का भी आयोजन किया गया है। स्थानीय और बाहरी पहलवानों के दंगल में दांव-पेच देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी थी।

इधर सुमेरपुर क्षेत्र के सिद्ध बाबा मन्दिर के पास भी गत वर्षों की भांति इस साल भी कार्तिक पूर्णिमा पर विशाल मेले का शुभारंभ किया गया है। कुरारा क्षेत्र के सिकरोढ़ी गांव में भी आज कार्तिक पूर्णिमा के दिन एतिहासिक मेले का आयोजन किया गया।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More