Jan Nayagan: पोंगल पर नहीं रिलीज होगी जन नेता


थलपति विजय को मद्रास हाई कोर्ट ने लगा बड़ा झटका
Jan Nayagan, (News), मुंबई: साउथ सुपरस्टार थलपति विजय के फैंस के लिए आज का दिन किसी झटके से कम नहीं था। मद्रास हाई कोर्ट ने विजय की फिल्म जन नायगन (जन नेता) को सेंसर बोर्ड द्वारा यूए सर्टिफिकेट देने के सिंगल जज के आदेश पर रोक लगा दी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी को होगी, जिसका मतलब है कि ये फिल्म अब पोंगल के मौके पर रिलीज नहीं हो पाएगी। विजय की फिल्म जन नायगन आज यानी 9 जनवरी को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी। लेकिन सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ दृश्यों और सेना के प्रतीकों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए इसे रिवाइजिंग कमेटी के पास भेजने का फैसला किया था।
शुक्रवार सुबह मद्रास हाई कोर्ट के सिंगल जज ने सेंसर बोर्ड को फटकार लगाते हुए तुरंत यूए सर्टिफिकेट जारी करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि बोर्ड का बार-बार शिकायतों पर गौर करना एक खतरनाक चलन है। लेकिन, कुछ ही घंटों के भीतर सेंसर बोर्ड ने इस फैसले को चुनौती दे दी। सेंसर बोर्ड की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एआरएल सुंदरेशन और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने तर्क दिया कि बोर्ड को अपना पक्ष रखने (काउंटर एफिडेविट ) का मौका ही नहीं दिया गया।
विजय की आखिरी फिल्म
जन नायगन, जिसे हिंदी में जन नेता कहा जा रहा है, विजय के करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद वो पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय होने वाले हैं। केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का बजट करीब 500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में विजय के साथ बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू और प्रकाश राज जैसे बड़े सितारे नजर आने वाले हैं। फिल्म को आज रिलीज होना था, लेकिन इसे सेंसर से सर्टिफिकेट नहीं मिला था।



