23 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री का विधान परिषद में सम्बोधन

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज विधान परिषद के सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि विधेयकों को पारित करने में सहयोग देकर सदस्यों ने प्रदेश को आगे बढ़ाने और लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है। समाजवादी सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया तथा जनता से किए वायदे पूरे किए हैं। समाजवादी जो सोचते हैं, उसे जमीन पर उतारते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादियों को जनता का भरोसा हासिल है और प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाया जा रहा है। आजादी के बाद प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के अधिकतर संस्थान समाजवादियों द्वारा ही बनाए गए हैं। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा एक्सप्रेस-वे बनाने में 10 साल का समय लिया गया था तथा एक्सप्रेस-वे बनाने का काम बिल्डर को दे दिया गया था। जबकि समाजवादी सरकार दो-गुना लम्बे एक्सप्रेस-वे का निर्माण 22 महीने में करा रही है। किसानों को उनकी जमीन का 4 गुना मुआवजा दिया गया है। एक्सप्रेस-वे से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों का भला होगा तथा इसके किनारे बनने वाली मण्डियों से किसानों को लाभ होगा।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार 55 लाख गरीब महिलाओं को पेंशन मुहैया करा रही है। अल्पसंख्यकों को विकासकारी योजनाओं में आबादी के हिसाब से लाभ देने का काम किया जा रहा है। जनता जब प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकार या केन्द्र सरकार के साथ समाजवादी सरकार का आकलन करेगी, तो समाजवादियों को अच्छा पाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने जो काम किए हैं, उनके परिणाम दिखाई दे रहे हैं। इसलिए जनता फिर से समाजवादियों को मौका देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार के प्रयास से राज्य में इन्वेस्टमेन्ट का माहौल बना है और प्रदेश की छवि सुधरी है। राज्य में इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काफी काम हुआ है। राज्य में अक्सर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया जाता है, लेकिन जब भी कोई बात मेरे संज्ञान में आई है, तो उस पर निष्पक्षता से निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि देश के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश के कानून व्यवस्था के आकड़ेे देखने पर वास्तविक स्थिति साफ हो जाती है।
श्री यादव ने कहा कि ‘108’ और ‘102’ एम्बुलेन्स सेवाओं पर जनता का पूरा भरोसा है। ‘1090’ विमेन पावर लाइन पर भी महिलाओं का भरोसा है। इसके माध्यम से कम से कम 4 लाख महिलाओं की मदद हुई है। इसी तरह डायल ‘100’ भी शुरू किया जा रहा है, जिसमें एम्बुलेन्स सेवाओं की भांति 10 से 15 मिनट में पुलिस सहायता मिल जाएगी। डायल ‘100’ की व्यवस्था में पुलिस समय से पहुंचेगी और पुलिस का व्यवहार भी अच्छा होगा। यह सेवा अक्टूबर माह में शुरू कर दी जाएगी।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More