40 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री से केन्द्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने भेंट की

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव से आज उनके सरकारी आवास पर केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा सफाई मंत्री सुश्री उमा भारती ने भेंट की। नदियों की साफ-सफाई पर वार्ता के सन्दर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस दिशा में पहल कर दी है। उन्होंने बताया कि गोमती नदी की तरह राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से वाराणसी में वरुणा, वृन्दावन में यमुना और अयोध्या में सरयू नदी की साफ-सफाई और सौन्दर्यीकरण का कार्य कराए जाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र सरकार इस सन्दर्भ में कोई प्रस्ताव देती है, तो उस पर विचार किया जाएगा। उन्होंने इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव को कल ही बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढि़यों को बेहतर पर्यावरण सौंपने के लिए हमें अपनी नदियों पर ध्यान देना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी को साफ बनाने के लिए उसकी सहायक नदियों को साफ-सुथरा बनाना जरूरी है। गंगा और उसकी सहायक नदियों की साफ-सफाई के प्रति राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इस कार्य में राज्य सरकार केन्द्र सरकार को हर सम्भव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि गोमती नदी की तरह ही वरुणा, सरयू, यमुना आदि नदियों की साफ-सफाई और सौन्दर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने काली नदी के प्रदूषण पर चिन्ता जताते हुए कहा कि इसे दूर करने के प्रयास किए जाएंगे।
श्री यादव ने कहा कि लखनऊ में गोमती नदी को साफ-सुथरा तथा आस-पास के पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए गोमती नदी का चैनलाइजेशन कार्य तेजी से किया जा रहा है और इसके लिए बजटीय व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि गोमती नदी को साफ-सुथरा बनाने और इसके सौन्दर्यीकरण का कार्य देश की सभी नदियों के लिए एक रोल माॅडल के रूप में किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि नदी प्रदूषण नियंत्रण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि गंगा नदी के किनारे स्थित नगरों में चरणबद्ध रूप से कार्य कराए जाएंगे और राष्ट्रीय गंगा रिवर बेसिन अथाॅरिटी द्वारा कराए जाने वाले कार्यक्रमों के लिए व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों पर बसे नगरों से होने वाले नदियों के प्रदूषण को नियंत्रित करने के उपाय किए जा रहे हैं। ईको-फ्रेण्डली रिवर फ्रण्ट डेवलपमेण्ट की योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने नदियों की साफ-सफाई के लिए कृषि, पर्यावरण, सिंचाई, ऊर्जा, उद्योग, नगर विकास, बाढ़ नियंत्रण, वानिकी एवं जल प्रबन्ध आदि सभी विभागों का समन्वय पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषणरहित बनाने के लिए कृतसंकल्प है।
श्री यादव ने कहा कि भारत सरकार की सहायता से संचालित उत्तर प्रदेश राज्य की परियोजनाओं, बाढ़ परियोजनाओं तथा आर0आर0आर0 आॅफ वाटर बाॅडीज की परियोजनाओं हेतु लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लम्बित धनराशि को शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर सिंचाई मंत्री श्री शिवपाल सिंह यादव, मुख्य सचिव
श्री आलोक रंजन, प्रमुख सचिव सिंचाई श्री दीपक सिंघल एवं केन्द्रीय जल संसाधन सचिव श्री शशि शेखर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More