युवाओं की प्रतिभा को अवसर देना और उनके सपनों को साकार करना डबल इंजन सरकार का संकल्प: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम को मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की प्रतिभा को अवसर देना, उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उनके सपनों को साकार करना डबल इंजन सरकार का संकल्प है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए संसाधनों की कमी का सामना न करना पड़े। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार का खजाना खुला हुआ है और टैबलेट वितरण अभियान इसी संकल्प का सशक्त उदाहरण है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के पावन अवसर पर स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से प्रेरित इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। आज विद्यार्थियों के हाथों में स्मार्टफोन के साथ टैबलेट और लैपटॉप भी हैं। ये केवल तकनीकी उपकरण नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल, नवाचार और असीमित संभावनाओं तक पहुंचने के माध्यम हैं। आज के युवा ही उत्तर प्रदेश और देश का भविष्य हैं। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ जाति, धर्म और मजहब के आधार पर नहीं, बल्कि पात्रता के आधार पर सभी को मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य हर विद्यार्थी को समान अवसर उपलब्ध कराकर उसे आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि अनेक विद्यार्थियों के परिवारों के लिए स्वयं टैबलेट या लैपटॉप खरीदना संभव नहीं होता। ऐसे परिवारों के बच्चों को भी आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़कर उनके भविष्य को बेहतर बनाने का काम सरकार कर रही है।

श्री मौर्य ने युवाओं से आह्वान किया कि वे टैबलेट और लैपटॉप का उपयोग केवल मनोरंजन तक सीमित न रखें, बल्कि ज्ञान अर्जित करने, नई तकनीक सीखने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, नवाचार और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने में करें। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही उपयोग युवाओं की क्षमता को कई गुना बढ़ा सकता है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल रही है। उत्तर प्रदेश स्मार्टफोन और टैबलेट निर्माण के क्षेत्र में देश और दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह परिवर्तन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के डिजिटल इंडिया के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश में स्थापित बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश एवं औद्योगिक विकास के वातावरण का परिणाम है।

Related Articles

Back to top button