जल संरक्षण, स्वच्छ जल प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल- स्वतंत्र देव सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जल संरक्षण, जल प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नई दिल्ली के ओखला स्थित यमुनोत्री परिसर में झील के पानी के शोधन एवं शुद्धिकरण के लिए स्थापित नवीन जल शोधन संयंत्र का उद्घाटन किया गया। इस नवनिर्मित जल शोधन संयंत्र का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह के कर-कमलों द्वारा आज रविवार, 15 नवम्बर 2026 को संपन्न हुआ।
इस संयंत्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य झील के जल का प्रभावी शोधन एवं शुद्धिकरण सुनिश्चित करना है। इसके संचालन से झील के पानी की गुणवत्ता में सुधार लाने, जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलेगी। यह पहल जल संरक्षण के प्रति उत्तर प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित करती है।
इस अवसर पर नक्षत्र वाटिका के अंतर्गत भारतीय ज्योतिष परंपरा में वर्णित 27 नक्षत्रों के प्रतीक स्वरूप 27 विभिन्न प्रजातियों के वृक्षों का रोपण किया गया। यह वाटिका न केवल भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को प्रकृति से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन एवं हरित परिसर के विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह जी ने जल संसाधनों के संरक्षण, जल की गुणवत्ता बनाए रखने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से जल शोधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के महत्व पर बल दिया। जल संरक्षण और स्वच्छ जल प्रबंधन की दिशा में स्थापित यह संयंत्र जल संसाधनों के सतत एवं प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई गति प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव श्री अनिल गर्ग, मुख्य अभियंता (सज्जा एवं सामग्री प्रबंधन) श्री उपेन्द्र सिंह, मुख्य अभियंता, यमुना संगठन श्री दिनेश सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button