श्री मौर्य, गांव की चौखट से ग्लोबल बाजार तक पहुंचायेंगे साथ ही दीदियों का हुनर, ट्रेड शो बनेगा आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में इंटर नेशनल ट्रेड शो में भाग लेने वाली समूह की दीदियों को अपने उत्पादों के विपणन एवं बिक्री का बड़ा अवसर मिलेगा। इससे उनके उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होगा। स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के हुनर को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने से उनकी आय और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। ट्रेड शो में समूह गठन, टेक होम राशन, बीसी सखी, विद्युत सखी, बलिनी सहित उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ने तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जागरूकता बढ़ाना है। इंडिया एक्सपो सेंटर एवं मार्ट में 25 से 29 सितम्बर, 2026 तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रतिभाग किया जाएगा।
श्री मौर्य ने बताया कि यह ट्रेड शो स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने और बेहतर आय अर्जित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि ट्रेड शो में पहुंचकर प्रदेश की दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी करें, उनका उत्साहवर्धन करें और ‘लोकल फॉर वोकल’ की पहल को मजबूती प्रदान करें। मिशन द्वारा प्रतिभागी महिलाओं के लिए रहने, भोजन एवं परिवहन की आवश्यक व्यवस्थाएं प्रतिवर्ष की भांति निःशुल्क की जा रही हैं। ट्रेड शो में प्रतिभागिता के लिए मिशन स्तर से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।


