स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रासंगिक और युवाओं के लिए मार्गदर्शक- केशव प्रसाद मौर्य

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने कैम्प कार्यालय में स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक महान संन्यासी ही नहीं, बल्कि भारत की युवा चेतना के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का सम्पूर्ण जीवन युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया था “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए”। यह संदेश आज भी युवाओं के लिए उतना ही प्रासंगिक है, जितना उनके जीवनकाल में था।
श्री मौर्य ने विवेकानंद के जीवन संस्मरणों को स्मरण करते हुए कहा कि अल्पायु में ही उन्होंने वेदांत और भारतीय संस्कृति का संदेश पूरे विश्व में पहुँचाया। 1893 के शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में उनके ऐतिहासिक संबोधन ने भारत को विश्वपटल पर गौरवपूर्ण पहचान दिलाई। उन्होंने मानवता, सेवा, समरसता और आत्मबल को जीवन का मूल मंत्र बताया और युवाओं को चरित्र निर्माण की राह पर चलने के लिए प्रेरित किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद के विचारों को व्यवहार में उतारते हुए युवा सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खेलो इंडिया जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच दिया जा रहा है। गांवों में स्टेडियम, ओपन जिम और खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण युवा भी अपनी प्रतिभा को निखार सकें और स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत प्रदेश में लाखों युवाओं को निःशुल्क टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं, ताकि वे डिजिटल शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकें। यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का सपना था एक सशक्त, शिक्षित और आत्मविश्वासी भारत। सरकार उसी सपने को साकार करने के लिए युवाओं को शिक्षा, खेल, तकनीक और रोजगार के हर संभव अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया है कि वे स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और मा0 प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के विजन को मूर्तरूप देने मे अपनी युवा ऊर्जा का भरपूर उपयोग करें।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Back to top button