27 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

6वीं राज्य स्तरीय इन्स्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी में 16 माॅडल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हेतु चयनित

उत्तर प्रदेश

लखनऊ:  वर्तमान युग विज्ञान का एवं प्रौद्योगिकी है, वैज्ञानिक उन्नति के बगैर किसी भी देश की उन्नति सम्भव नहीं है, इसलिए यह जरूरी है कि हमारे देश में भी वैज्ञानिकता को बढ़ावा दिया जाय, जिसमें देश की युवा आबादी का महत्वपूर्ण योगदान है।

    प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा ने आज यहां चिनहट स्थित रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग उ0प्र0 द्वारा आयोजित 6वीं राज्य स्तरीय इन्स्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी में अपने विचार व्यक्त किये।

    डा0 दिनेश शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के हित में प्रयासरत है। राज्य सरकार द्वारा राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को ध्यान में रखकर रिक्त पदों पर भर्ती की कार्यवाही करायी जा रही है। इसके तहत 10 हजार से अधिक शिक्षकों के भर्ती के विज्ञापन प्रकाशित किये जा चुके है तथा लोक सेवा आयोग द्वारा इस पर शीघ्र ही परीक्षाएं कराकर नियुक्ति कर दी जायेगी। प्रदेश में 166 पं0 दीनदयाल उपाध्याय माडल स्कूल खोले जा रहे हैं साथ ही कहा राजकीय विद्यालयों में अंग्रेजी  माध्यम से पढ़ाई का कार्य आगामी सत्र से शुरू किया जा रहा है। जब छात्र/छात्राओं को उनके ज्ञान की पिपासा के अनुरूप योग्य व कर्मठ अध्यापक मिलेंगे तो उनकी कल्पना शक्ति को प्राचीन वैदिक ज्ञान का संस्कार, ईमानदारी व संकल्प उन्हें आधुनिक विज्ञान के नवीन प्रयोगों से जोड़कर उच्चतम शिखर पर पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में श्री संदीप सिंह राज्य मंत्री माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा ने कहा कि इन्स्पायर अवार्ड योजना का मूल उद्देश्य बाल वैज्ञानिकों में छिपी असीमित सोच, कल्पना, प्रतिभाओं और अभिनव कौशल एवं चिन्तन को माॅडल के रूप में परिभाषित कर उन्हें वैज्ञानिक सोच के साथ नवीन अनुसंधान हेतु राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराना है।

    प्रदर्शनी में अपने माॅडल के साथ प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कुल 153 छात्र/छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कुल 16 माॅडल, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हेतु वैज्ञानिकों की टीम ने चयनित किया तथा चयनित प्रतिभागियों को उप मुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा ने प्रशस्ति-पत्र व मेडल प्रदान करके सम्मानित किया।

    इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा एवं राज्यमंत्री श्री संदीप सिंह ने प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत माडल का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों से उनके द्वारा प्रस्तुत माॅडल के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त किया एवं उससे सम्बन्धित प्रश्न भी पूंछे। कार्यक्रम में डा0 अवध नरेश शर्मा, शिक्षा निदेशक माध्यमिक एवं डा0 सर्वेन्द्र विक्रम बहादुर सिंह शिक्षा निदेशक, बेसिक ने विज्ञान के क्षेत्र में हुई राष्ट्रीय प्रगति पर प्रकाश डाला।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More