हल्द्वानी में डबल मर्डर से सनसनी, युवक-युवती की बेरहमी से हत्या

 हल्द्वानी ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गल्ला मंडी परिसर के भीतर एक युवक और एक युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों की पत्थरों से सिर कुचलकर निर्मम हत्या की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ और कोतवाल समेत भारी पुलिस बल पहुंचा और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

सिर कुचले हुए, पहचान करना मुश्किल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों शवों की हालत बेहद भयावह थी। सिर इस कदर कुचले हुए थे कि चेहरा पहचानना मुश्किल हो रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।

श्रमिकों ने सबसे पहले देखे शव

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह मंडी में काम करने पहुंचे श्रमिकों ने सबसे पहले शव देखे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पूरे मंडी परिसर की बैरिकेडिंग कर दी है ताकि किसी भी तरह के सबूत से छेड़छाड़ न हो सके।

युवक की पहचान, युवती अब भी अज्ञात

पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 30 साल और युवती की उम्र लगभग 21-22 साल बताई जा रही है। युवक की जेब से अल्मोड़ा जिले की एक आईडी मिली है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कर ली गई है। वहीं युवती की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है।

नैनीताल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button