26 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री से भारतीय पुलिस सेवा के 16 परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भेंट की

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से शास्त्री भवन में भारतीय पुलिस सेवा के 16 परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर परिवीक्षाधीन अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वे जनता और जनप्रतिनिधियों से बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में हर सम्भव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए जरूरी है कि अधिकारीगण तमाम विषयों, कानून और मुद्दों से भली-भांति परिचित हों। अपने दायित्वों का भली प्रकार निर्वहन करने के लिए उन्हें मेहनती से तेजी से फैसले लेने में सक्षम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए कानून के हित में कार्य करना होगा। संवाद स्थापित करने से बड़े-बड़े विवादों का समाधान होता है।

योगी जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल और विविधतापूर्ण राज्य में अधिकारियों को अपनी क्षमता दिखाने के तमाम अवसर मिलेंगे और चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। नवनियुक्त अधिकारियों को बगैर किसी भेदभाव अथवा पक्षपात के जनसहभागिता के आधार पर जनहित के लिए काम करना होगा। इससे वे जनता का भरोसा हासिल करते हुए एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में अपनी पहचान कायम करने में सफल होंगे।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहा है। इसलिए वर्तमान समय में अधिकारियों को जनसामान्य के हितों, मीडिया खासतौर से सोशल मीडिया के प्रति और अधिक सचेत तथा संवेदनशील होने की जरूरत है। साइबर क्राइम सहित अपराधियों के आधुनिक तौर-तरीकों के प्रति भी जागरूक रहना होगा। पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यवहार से ही उसकी छवि स्थापित होती है, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों और समस्याओं से परिचित होकर उनका प्रभावी समाधान किया जा सकता है।

शारीरिक रूप से फिट रहने की भी आवश्यकता जताते हुए योगी जी ने पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में जवाबदेही तय होनी चाहिए। समाज के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं का समाधान व्यवहारिकता के आधार पर किया जाए। थानों की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हो, साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जाए। थाने में आए फरियादियों के लिए बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। ट्रैफिक व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गांव के चैकीदार से भी संवाद स्थापित कर अपराधों की रोकथाम किए जाने में मदद ली जा सकती है। पारिवारिक, राजस्व व जमीन सम्बन्धी विवादों के समाधान की दिशा में भी तत्काल न्यायसंगत समाधान की कार्यवाही की जाए। लूटपाट और छेड़छाड़ की घटनाओं के सम्बन्ध में अतिरिक्त सजगता रखी जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त अधिकारियों से प्रदेश की पुलिसिंग व्यवस्था के सुधार में मदद मिलेगी।

भेंट के दौरान भारतीय पुलिस सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी को उनके आदर्शों और अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा जताया।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव गृह श्री अरविन्द कुमार, सचिव मुख्यमंत्री श्री मृत्युंजय कुमार नारायण, पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण श्री गोपाल गुप्ता सहित आई0पी0एस0 परिवीक्षाधीन अधिकारी श्री अभिषेक वर्मा, श्री आदित्य लंगेह, श्री अमित कुमार आनन्द, श्री अनिल कुमार, श्री अंकुर प्रवास, श्री अतुल शर्मा, श्री अविनाश पाण्डेय, श्री बोटरे रोहन प्रमोद, श्री धवल जायसवाल, श्री एल0 मारन जी, श्री गोपाल कृष्ण चैधरी, श्री कौस्तुम, श्री मो0 मुस्ताक, श्री रवीन्द्र कुमार, श्री सोनम कुमार तथा सुश्री अपर्णा गौतम मौजूद थे।

Related posts

12 comments

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More