26 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

देश का हर नागरिक राष्ट्र का निर्माता है: राष्ट्रपति

देश का हर नागरिक राष्ट्र का निर्माता है: राष्ट्रपति
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविन्द जी ने कहा है कि देश का हर नागरिक राष्ट्र का निर्माता है। इसलिए हम सबको अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का भलीभांति निर्वाह करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का भाग्य बनाने वाला राज्य है। इस प्रदेश ने देश को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अलावा 9 प्रधानमंत्री दिये हैं। उत्तर प्रदेश धर्म, साहित्य और ऐतिहासिक धरोहरों का राज्य है। इसकी भूमि पर राम और कृष्ण में जन्म लिया। यह प्रदेश गौतमबुद्ध की कर्मस्थली है।

राष्ट्रपति जी आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नागरिक अभिनन्दन समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
राष्ट्रपति जी ने कहा कि हम सभी को मानवीय दुर्बलताओं से ऊपर उठकर देश के उत्थान के लिए प्रयास करना चाहिए। उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से ही शिक्षा का केन्द्र रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, बी0एच0यू0, ए0एम0यू0, आई0आई0टी0 कानपुर, आई0आई0एम0 लखनऊ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज भी उत्तर प्रदेश अपने शैक्षिक संस्थानों के लिए जाना जाता है। इन संस्थानों ने अनेक प्रतिभा सम्पन्न छात्रों को गढ़ा, जिन्होंने आगे चलकर देश का नाम रौशन किया।

श्री कोविन्द जी ने कहा कि प्रदेश ने उच्चकोटि के प्रतिभावान नेताओं को जन्म दिया। उन्होंने श्री जवाहरलाल नेहरू, श्री अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि इन लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया और बाद में देश के प्रधानमंत्री भी बने। इसी प्रकार, साहित्य के क्षेत्र में मुंशी प्रेमचन्द, जयशंकर प्रसाद, सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक से बढ़कर साहित्यकार पैदा हुए और उन्होंने अपने लेखन कार्य से प्रदेश का सम्मान बढ़ाया।

राष्ट्रपति जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अनेक हिन्दू और मुस्लिम धार्मिक स्थल हैं। यह सभी हमें दिशा दिखाते हैं और मिलजुलकर रहने का संदेश भी देते हैं। यह प्रदेश सिद्ध लोगों का प्रदेश है। ताजमहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रेम के प्रति समर्पण की निशानी है। प्रयाग कुम्भ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें बहुत बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं, जिसे प्रशासन से कहीं अधिक, आस्था के माध्यम से मैनेज किया जाता है। उत्तर प्रदेश के हर क्षेत्र का हस्तशिल्प विश्व प्रसिद्ध है। लखनऊ की चिकनकारी, मुरादाबाद का पीतल उद्योग, अलीगढ़ के ताला उद्योग को सभी जानते हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का उल्लेख करते हुए
श्री कोविन्द जी ने कहा कि वे कम्पोज़िट कल्चर में भरोसा करते थे और समाज के सभी वर्गाें को साथ लेकर चलने का प्रयास करते थे। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वाेपरि माना। उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार भी इसी दिशा में काम कर रही है। उत्तर प्रदेश असीमित सम्भावनाओं का प्रदेश है। उत्तर प्रदेश का विकास सम्पूर्ण देश का विकास है। प्रदेश सरकार इसी दिशा में प्रयासरत है।

इस अवसर पर राज्यपाल श्री राम नाईक जी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले श्री रामनाथ कोविन्द जी राष्ट्रपति बन गये हैं। उन्होंने कहा कि श्री कोविन्द जी से उनका लम्बा सम्पर्क है और विभिन्न विषयों पर उनसे विचार-विमर्श करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जैसे सर्वाेच्च संवैधानिक पद पर पहुंचकर श्री रामनाथ कोविन्द जी ने उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग श्री रामनाथ कोविन्द जी के राष्ट्रपति बनने पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। यह गौरव का विषय है कि उत्तर प्रदेश का एक सपूत आज इस महत्वपूर्ण पद को सुशोभित कर रहा है। श्री कोविन्द जी विधि विशेषज्ञ और संवेदनशील जन नेता रहे हैं। उन्होंने तमाम चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना अपने संकल्प और परिश्रम की बदौलत किया है।

योगी जी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों एवं सभी वर्गों के विकास के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ सबका विकास’ के मूल मंत्र को ध्यान मंे रखते हुए काम कर रही है। इससे समाज के वंचित तबकों के साथ-साथ सभी का उत्थान होगा। राज्य सरकार पिछले 5 माह से इस अवधारणा को अपनाते हुए काम कर रही है। स्वच्छता मिशन के तहत पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर शौचालयों का निर्माण करवाया जा रहा है। अनेक जिलों के गांवांे को खुले में शौचमुक्त किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। राज्य सरकार ने बड़ी संख्या में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन दिये हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी लोगों को विकास से जोड़ने का है, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें।

इससे पूर्व, नागरिक अभिनन्दन समारोह में पहुंचने पर राष्ट्रपति जी ने कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राज्यपाल श्री राम नाईक जी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने राष्ट्रपति को शाॅल व पुस्तक भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति जी को एक स्मृति चिन्ह के रूप में भगवान बुद्ध की प्रतिमा भंेट की गयी। उन्हें विधान सभा अध्यक्ष की ओर से एक अभिनन्दन पत्र भी भेंट किया गया। कार्यक्रम के अन्त में धन्यवाद ज्ञापन विधान सभा अध्यक्ष श्री हृदय नारायण दीक्षित जी ने किया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्रीगण श्री केशव प्रसाद मौर्य तथा डाॅ0 दिनेश शर्मा, मंत्रिमण्डल के सदस्यों सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More