Online Latest News Hindi News , Bollywood News

कुमार संगकारा के रिकॉर्ड की बराबरी कर धोनी बने वनडे क्रिकेट के नंबर एक विकेटकीपर

कुमार संगकारा के रिकॉर्ड की बराबरी कर धोनी बने वनडे क्रिकेट के नंबर एक विकेटकीपर
खेल समाचार

पल्लेकेले मैदान पर भारत और श्रीलंका दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान भारत के विकटकीपर महेंद्र सिंह धोनी ने एक बड़े कारनामे को अंजाम दिया है। श्रीलंका पारी के 15वें ओवर में धनुष्का गुणतिलका को चहल की गेंद पर स्टंप आउट करके धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट में अपनी 99 स्टंपिंग पूरी कर ली। इस तरह से धोनी ने कुमार संगकारा के वनडे में सबसे ज़्यादा स्टंपिंग करने के रिकॉर्ड को बराबर कर लिया। आपको बता दें संगकारा के नाम 404 वनडे मैचों में 99 स्टंपिंग है।

मैचों के हिसाब से देखा जाए तो धोनी ने संगकारा को काफी पीछे छोड़ दिया है। धोनी ने 99 स्टंपिंग अपने 298वें मैच में की। चहल की गेंद पर आगे बढ़ कर मारने के चक्कर में गुणतिलका चकमा खा गए लेकिन इस दौरान वो गेंद को बल्ले से कनेक्ट नहीं कर पाए और गेंद धोनी के पास जा पहुंची। हालांकि गेंद पहले धोनी के ग्लव्ज़ पर नहीं आई लेकिन कोई बड़ी गलती ना करते हुए धोनी ने जल्दी से उन्हें स्टंप आउट कर दिया। इस स्टंपिंग के साथ ही धोनी ने बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

श्रीलंकाई बल्लेबाज़ों का किया है सबसे ज़्यादा शिकार

एमएस धोनी ने सबसे ज़्यादा श्रीलंका के बल्लेबाज़ों को ही अपनी स्टम्पिंग के द्वारा आउट किया है। अब तक धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ कुल 21 स्टंपिंग की हैं। इसके बाद नंबर आता है इंग्लैंड की टीम का। इंग्लैंड के खिलाफ धोनी ने वनडे में 16 स्टंपिंग की हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध वो अब तक 12 स्टंपिंग कर चुके हैं। बात अगर धोनी द्वारा स्टंप आउट हुए बल्लेबाज़ों की करें तो धोनी ने वनडे में सबसे ज़्यादा ए बी डीविलियर्स और साकिब अल हसन को 3-3 बार स्टंप आउट किया है।
हरभजन की गेंद पर की है सबसे ज़्यादा स्टंपिंग

हरभजन सिंह वो गेंदबाज़ हैं जिनकी गेंद पर धोनी ने वनडे में सबसे ज़्यादा स्टम्पिंग करने का कारनामा किया है। धोनी ने वनडे में हरभजन की गेंद पर कुल 19 स्टंपिंग की है। इसके बाद नाम आता है रविंद्र जडेजा का जिनकी गेंद पर धोनी ने बल्लेबाज़ों को 15 बार स्टंप आउट किया है। वहीं आर अश्विन की गेंद पर धोनी ने 14 बार स्टंपिंग की है। एमएस धोनी ने वनडे में 99 स्टंपिंग में से 96 स्टंपिंग स्पिन गेंदबाज़ों की गेंद पर की है। बाकी 3 स्टंपिंग धोनी ने तेज़ या मध्यम गति गेंदबाज़ों की गेंद पर की है। आपको बता दें धोनी ने इरफ़ान पठान की गेंद पर 2 और सौरव गांगुली की गेंद पर 1 स्टम्पिंग करने का कारनामा किया है।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More