उत्तराखंड- नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म मामला, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार


हरिद्वार( उत्तराखंड पोस्ट) हरिद्वार जिले के रुड़की में महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपित मेहरबान और अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने सिविल लाइन कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर बताया था कि उसका पति ईंट-भट्ठे पर काम करता है और करीब छह महीने पहले काम के सिलसिले में कोटद्वार गया था। इसी दौरान उसके पति का एक दोस्त, जो ग्राम जौरासी का निवासी है, उसके घर आया और उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। आरोप है कि उस कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला हुआ था, जिसे पीने के बाद वह बदहवास हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अपने दो अन्य दोस्तों को भी बुला लिया और तीनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। बाद में एक आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा।
महिला के इंकार करने पर आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली रुड़की पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और जौरासी गांव से मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि इस घिनौने अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है। मामले की जांच अभी भी चल रही है।



