26 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

आजमगढ़ शहर स्थित महिला चिकित्सालय का मुख्यमंत्री ने औचक निरीक्षण किया

आजमगढ़ शहर स्थित महिला चिकित्सालय का मुख्यमंत्री ने औचक निरीक्षण किया
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनता और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किए जाने पर जोर देते हुए कहा है कि इससे जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास पैदा होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था मण्डल, जिला व स्थानीय स्तर पर होनी चाहिए, जिससे आपराधिक तत्वों पर अंकुश लगे और एक स्वच्छ और बेहतर समाज की स्थापना की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बेहतर साधन और सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए, उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास व कल्याण सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री आज आजमगढ़ मण्डल के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ आजमगढ़ के विकास के सम्बन्ध में बैठक की गई, तत्पश्चात् उन्होंने आजमगढ़ शहर स्थित महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा व स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा, चिकित्सा, आपदा/बाढ़, नमामि गंगे, यूपी-100, महिला सुरक्षा आदि विषयों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासन को कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में बगैर किसी भेदभाव व दबाव के कार्य किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यूपी-100 की कार्यप्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाए जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा थानों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। बेहतर कानून व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधियों, आम जनता तथा पुलिस प्रशासन के मध्य सामंजस्य स्थापित किया जाए। थानों पर बुनियादी जरूरतों को उपलब्ध कराया जाए, जिससे आम जनता को राहत मिले।
योगी जी ने विद्युत आपूर्ति के सम्बन्ध में कहा कि गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वालों को मुफ्त बिजली कनेक्शन उपलब्ध होगा। खराब ट्रांसफाॅर्मरों को शहरी क्षेत्रों 24 घण्टे और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घण्टे में बदला जाना सुनिश्चित किया जाए। विद्युत सम्बन्धी कार्य कराए जाने पर उसकी पूर्व सूचना आम जनता को दी जाए। गेहूं क्रय की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऐसे प्रयास किए जाएं, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक शहर स्वच्छता सूची में शामिल हो सकें। जिला मुख्यालयों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों आदि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा निस्तारण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल आपूर्ति में प्रयुक्त पाइपों की गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए आपूर्ति सम्बन्धी व्यवस्थाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी प्रदान की जाए। इस सम्बन्ध में कोई भी शिकायत पाए जाने पर सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों पर कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि धन की पर्याप्त व्यवस्था है, इसलिए कार्य की प्रगति में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। खुले में शौच से मुक्ति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह एक राष्ट्रीय अभियान है। इसके लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता का सहयोग ले। उन्होंने कहा कि जिन शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है, उन्हें उपयोग में लाना भी जरूरी है।
एक्सप्रेस-वे के सम्बन्ध में योगी जी ने कहा कि जिन किसानों की जमीन दायरे में आ गई है, उनको निर्धारित नियमानुसार तथा निश्चित समय-सीमा के अन्दर भुगतान हो जाना चाहिए। इसमें लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के स्कूल में प्रवेश के समय ही उनका आधार कार्ड, उनके रजिस्ट्रेशन से जोड़ा जाए तथा जुलाई के प्रथम सप्ताह में निर्धारित स्कूल डेªस, पुस्तक आदि उन्हें आवश्यक रूप से उपलब्ध करा दी जाए। विद्यालयों में अध्यापकों की उपस्थिति के साथ-साथ बच्चों की उपस्थिति पर भी जोर दिया जाए।
तहसील दिवस को सम्पूर्ण समाधान दिवस के रूप में आयोजित करने के निर्णय के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता को एक ही शिकायत के लिए बार-बार तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उसकी समस्याओं का निराकरण हो। थाना दिवस के सम्बन्ध में पुलिस प्रशासन को व्यावहारिक होने के साथ-साथ गरीबों और जरूरतमन्दों की सहायता करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी भ्रमण के माध्यम से जनता की अधिक से अधिक समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील/थाना दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाए जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनता के हित में यदि कार्य में लापरवाही पाई जाती है, तो उसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना जाएगा।
आपदा/बाढ़ की रोकथाम से सम्बन्धित प्रबन्धों को समय से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश देते हुए योगी जी ने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए तटबन्धों की मरम्मत व नदी कटान से प्रभावित क्षेत्रों में कटानरोधी कार्यों को पूरा करने के कदम उठाए जाएं, जिससे जन-धन की हानि को रोका जा सके। नमामि गंगे योजना के सम्बन्ध में उन्होंने निर्देश दिए कि नदियों में कूड़ा, कचरे के साथ-साथ नालों व कारखानों का दूषित जल जाने से रोकने के प्रबन्ध किए जाएं। ऐसी व्यवस्था से ही स्वच्छ जल की आपूर्ति व पर्यावरण संरक्षण सम्भव हो सकेगा।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More