29 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

हॉकी: भारतीय महिला टीम FIH रैंकिंग में शीर्ष-10 में शामिल, पुरुष छठे स्थान पर बरकरार

खेल समाचार

भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (आईएचएफ) की नवीनतम रैंकिंग में क्रमश: छठे और 10वें स्थान पर बरकरार हैं। इस साल की शुरुआत से भारतीय टीम छठे स्थान पर काबिज है और पूरे साल के दौरान टीम इस रैंकिंग को बरकरार रखने में सफल रही।

भारत हाल में भुवनेश्वर में संपन्न पुरुष हॉकी विश्व लीग फाइनल में तीसरे स्थान पर रहा जिससे उसने पांचवें स्थान पर मौजूद जर्मनी और अपने बीच के अंतर को कम कर दिया है। भारत के 1566 जबकि जर्मनी के 1680 अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अर्जेंटीना को पछाड़कर दोबारा शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में हॉकी विश्व लीग फाइनल में अर्जेंटीना को 2-1 से हराया था। बेल्जियम और नीदरलैंड क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर बरकरार हैं।

दूसरी तरफ इस बीच साल की शुरुआत 12वें स्थान से करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने साल का अंत दो स्थान के फायदे से 10वें स्थान पर किया। पिछले एशिया कप में जीत की बदौलत टीम स्पेन और जापान को पछाड़ने में सफल रही। नीदरलैंड की टीम शीर्ष पर कायम है जबकि इंग्लैंड और अर्जेंटीना ने अपना क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान बरकार रखा है।

आपको बता दें कि भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने इस साल एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था जिसकी बदौलत पुरुष हॉकी टीम रैंकिंग में छठा स्थान बरकरार रखने में कामयाब रही थी। शीर्ष 10 में भारत एकमात्र एशियाई टीम है। वहीं महिला हॉकी टीम 2 स्थान के फायदे के साथ 10वें नंबर पर पहुंच गई।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More