28 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

‘वन महोत्सव’ के दौरान प्रदेश में पौधों का व्यापक रूप से रोपण किया जाएगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेशकृषि संबंधित

लखनऊमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि ‘वन महोत्सव’ के दौरान प्रदेश में पौधों का व्यापक रूप से रोपण किया जाएगा। सभी विभागों द्वारा समन्वित रूप से पर्यावरण संरक्षण के अभियान के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। यूकेलिप्टस के बजाय औषधीय गुण व धार्मिक महत्ता वाले पेड़ लगाने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि 09 करोड़ पौधों को न सिर्फ लगाया जाएगा, बल्कि उनकी सुरक्षा भी होगी। एक व्यक्ति एक वृक्ष लगाने का संकल्प ले। अगर वृक्षारोपण पर ध्यान नहीं दिया गया, तो जलवायु में भीषण संकट आएगा। प्रदेश में ‘वन महोत्सव’ 01 से 31 जुलाई, 2018 तक चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री जी आज जनपद बाराबंकी में महादेवा आॅडिटोरियम में ‘वन महोत्सव-2018’ के शुभारम्भ अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने महादेवा की पावन भूमि पर वृक्षारोपण कर वन महोत्सव का शुभारम्भ किया। इसके पूर्व, महादेवा परिसर में महादेव की पूजा-अर्चना विधिपूर्वक सम्पन्न की गई। उन्होंने कहा कि पीपल का वृक्ष पर्यावरण के लिए सबसे ज्यादा उपयोगी है। इसी प्रकार पाकड़, नीम और बरगद के पेड़ को भी लगाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्कूलों, काॅलेजों और कार्यालयों के आस-पास की भूमि पर वृक्ष लगाए जाने की बात कही। साथ ही, उन्होंने कहा कि देवा शरीफ में नदियों के आस-पास ग्राम समाज द्वारा वृक्ष लगवाए जाएं। वन प्राकृतिक नमी बनाए रखते हैं, इसलिए अधिक से अधिक संख्या में वृक्ष रोपित किए जाएं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इसी प्रकार निःशुल्क विद्युत कनेक्शन भी लोगों को दिए जा रहे हैं। सरकार पर्यटन को बढ़ावा देकर संस्कृति और परम्परा के साथ आधुनिकता को जोड़कर विकास का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनपदों में गौशाला खोली जाए। नीलगाय से बचाव के लिए गाय के गोबर को खेत में फैला देने से नीलगाय नहीं आती। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक मुक्त वातावरण की व्यवस्था बनाई जाएगी। स्वच्छ शौचालयों का निर्माण किया जाए। उन्होंने महादेवा के विकास की योजना पर्यटन की दृष्टि से बनाए जाने के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव बनाकर भेजे जाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री डाॅ0 हर्षवर्धन ने प्रकृति और जीव-जन्तुओं के साथ समन्वय बनाकर रखने पर जोर दिया और सभी को पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री दारा सिंह चैहान, सांसद सुश्री प्रियंका सिंह रावत और श्री लल्लू सिंह ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। वन विभाग के अधिकारियों ने वृक्षों के महत्व एवं विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

वन महोत्सव के अवसर पर 03 लाख 66 हजार मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान किए। वन विभाग द्वारा वाद-विवाद प्रतियोगिता में विजयी सिद्धार्थ कुमार, आकाश श्रीवास्तव एवं दीक्षा शर्मा को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More