29 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

शुरू हुआ नारी शक्ति कुम्भ, आज आएंगी विदेश और रक्षा मंत्री

उत्तर प्रदेश

जनवरी में प्रयागराज में होने वाले कुम्भ से  पूर्व राज्य सरकार द्वारा 5 विचार कुम्भों की कड़ी में वृंदावन में नारी शक्ति कुम्भ का विधिवत शुभारंभ हुआ। अक्षयपात्र फाउंडेशन के प्रांगण में शुरू हुए इस विचार कुम्भ का उद्घाटन प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय संयोजिका महिला समन्वय सुश्री गीता ताई गुंडे ने किया। रविवार को विचार कुम्भ के दूसरे दिन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण और गोवा की राज्यपाल पद्मश्री  मृदुला सिन्हा समेत जानी मानी महिला विभूतियां उपस्थित रहेंगी।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विचार कुम्भ देश की दिशा-दशा तय करने वाली अनगिनत महिला विभूतियों को समर्पित है। परिवार और समाज का आधार महिलाएं ही हैं और यह विचार हमारी संस्कृति के आधार मूल्यों में से एक है। कहा कि आज इस दौर में महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, सैन्य, विज्ञान, तकनीकी समेत अन्य विविध क्षेत्रों में अपनी धाक जमा रही हैं। शैक्षिक परिसरों के दीक्षांत समारोहों में पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं की संख्या इसका प्रमाण है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय संयोजिका महिला समन्वय सुश्री गीता ताई गुंडे ने भारतीय संस्कृति में महिलाओं की भूमिका पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के आयोजक विश्वविद्यालय डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरविंद दीक्षित ने बताया कि कार्यक्रम में 3000 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। रविवार को विविध क्षेत्रों में कीर्ति पताका फहराने वाली 10 प्रबुद्ध महिला हस्तियों के सम्मानित भी किया जाएगा। इनमें सामाजिक सेवा के  क्षेत्र में अनुराधा आडवाणी, सुभाषिनी मिस्त्री, कमलेश कुमारी व किरण रावत नेगी; शिक्षा के क्षेत्र में टी.एन. जेलियांग; विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मिसाइल वूमन डॉ. टेसी थॉमस; खेल के क्षेत्र में दीपा मलिक; साहस के क्षेत्र में शिवांगी पाठक व माधुरी सहस्रबुद्धे और पहली महिला फाइटर पायलट अवनि चतुर्वेदी को नारी शक्ति के उत्थान में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा, गीता ताई गुंडे, अन्नदानम सीता, समाज सेविका पद्मश्री निवेदिता भिड़े, सोनल मानसिंह और वी. शांताकुमारी सरीखी हस्तियां ‘नारी शक्ति कुंभ’ को अपनी उपस्थिति से सुशोभित करेंगी।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More