39 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सभी का सहयोग अपेक्षित: न्यायमूर्ति ओम प्रकाश

उत्तर प्रदेश

बहराइच: मा. सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बहराइच के तत्वावधान में सिविल कोर्ट परिसर बहराइच में आयोजित कार्यक्रम में मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्य अतिथि मा. न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय इलाहाबाद श्री ओम प्रकाश (प्रशासनिक न्यायाधीश, बहराइच जजशिप) ने राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर न्यायिक कर्मी सुश्री प्रेमलता, मंजरी पाण्डेय व रंजना द्वारा सरस्वती वंदना की गयी। मुख्य अतिथि के मंचासीन होते ही जनपद न्यायाधीश मोहम्मद असलम, पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर, जनपद अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष महेन्द्र पाल श्रीवास्तव, महामंत्री अश्वनी कुमार शुक्ल, प्रथम अपर जिला जज मृदुलेश कुमार सिंह ने माल्यार्पण कर मा. न्यायमूर्ति का स्वागत किया।

सिविल कोर्ट परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि मा. न्यायमूर्ति श्री ओम प्रकाश ने कहा कि परम्परागत न्याय प्रणाली के साथ लोगों को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय के लिए लोक अदालत जैसी प्रणाली की आवश्यकता थी। श्री प्रकाश ने कहा कि आज लोक अदालतों के माध्यम से लोगों को त्वरित न्याय मिल रहा है।

उन्होंने न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा वादकारी जनता से अपील की कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर करायें।

मा. न्यायमूर्ति ने कहा कि विगत राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर भी जनपद में अच्छा कार्य हुआ था। इसलिए मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार भी सभी सम्बन्धित पक्ष बेहतर तालमेल के साथ कार्य कर ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण करायेंगे।

उन्होंने बताया कि बहराइच जज शिप के प्रशासनिक न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालने से लेकर अब तक जनपद से कोई भी विवाद उनके सम्मुख नहीं आया है। इसके लिए उन्होंने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्तागण की सराहना की।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश मोहम्मद असलम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के शुभारम्भ अवसर पर मा. न्यायमूर्ति की उपस्थिति से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं व अन्य सम्बन्धित पक्ष में ऊर्जा का संचार हुआ है।

जनपद न्यायाधीश ने कहा कि हम सभी का प्रयास होगा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर अधिक से अधिक वादों का निस्तारण हो ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को न्याय मिल सके। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि मध्यस्थता की ओर लोगों का रूझान बढ़ रहा है और अधिक से अधिक लोग इसका लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान जनपद अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष महेन्द्र पाल श्रीवास्तव, महामंत्री अश्वनी कुमार शुक्ल, पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर, वरिष्ठ अधिवक्ता गया प्रसाद मिश्रा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि लोगों को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय दिलाने में लोक अदालतों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। वक्ताओं ने कहा कि लोक अदालतों से जहॉ लोगों को त्वरित न्याय मिलता है वहीं इससे समाज में सौहार्द भी बढ़ता है। क्योंकि आपसी सुलह समझौते से निर्णित हुए वादों में कोई भी पक्ष अपने को पराजित महसूस नहीं करता है।

कार्यक्रम का संचालन अपर जिला जज द्वितीय नरेन्द्र कुमार सिंह तोमर ने किया। इस अवसर पर जजशिप बहराइच के तमाम न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, काफी संख्या में अधिवक्तागण, वादकारी व अन्य सम्बन्धित लोग मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More