देहरादून: मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने न्यू कैन्ट रोड स्थित जनता मिलन हाॅल में राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश करने वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। बैठक में देश भर से आए हुए उद्योगपतियों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने उद्योगपतियों का उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य ने उद्योगों को दोस्ताना माहौल दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड का अधिकतर भाग पर्वतीय ही है। इस वर्ष सर्दियों में भी हमारे पर्वतीय पर्यटन स्थल पर्यटकों से भरे रहे। जोशीमठ, औली, गोरसों, चोपता आदि पर्यटक स्थल पर्यटकों से भरे रहे। उत्तराखण्ड में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। आॅल वेदर रोड, रेल और हैलीपेड के विकास से इसमें और गति आएगी। आने वाला समय पर्यटन के हिसाब से बहुत ही अच्छा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की महिलाएं शिक्षित, कर्मठ, मेहनती व लगनशील हैं। उत्तराखण्ड मानव संसाधन की दृष्टि से भी बहुत मजबूत है। उन्होंने कहा कि हम राज्य की 670 न्याय पंचायतों को ग्रोथ सेंटर के रूप में विकसित कर रहे हैं। राज्य सरकार ऑर्गेनिक खेती पर भी ध्यान दे रही है।
बैठक में मुुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार ने कहा कि उत्तराखण्ड इन्वेस्टर फ्रेंडली राज्य है। ईज-आॅफ-डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में राज्य बहुत अच्छा कार्य कर रहा हैं। हम निरंतर अपनी नीतियों में सुधार ला रहे हैं, ताकि आप को कम से कम परेशानियां हो और आप की समस्याएं कम से कम समय में निस्तारित हो। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए उद्यमियों को मैदानी क्षेत्रों में फोकस करने की आवश्यकता है। बैठक में उद्यमियों की ओर से भी सुझाव प्राप्त हुए।